रुद्रप्रयाग जिले के जखोली ब्लॉक की ग्राम सभा नाग में एक ऐसी पहल हुई है, जिसने पूरे क्षेत्र में नई उम्मीद जगा दी है। गांव में पूर्ण रूप से शराब और नशे पर प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इस फैसले की अगुवाई ग्राम प्रधान और ग्राम प्रधान संगठन जिला सचिव रुद्रप्रयाग, विजय पंत ने की है।
ग्राम प्रधान विजय पंत का कहना है कि नशा हमारे समाज के लिए विनाशकारी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “नशे के दुष्परिणाम हमने समय-समय पर देखे हैं। इससे परिवार टूटते हैं, युवाओं का भविष्य अंधकार में चला जाता है और समाज का माहौल बिगड़ता है। हम नहीं चाहते कि इसका असर हमारी आने वाली पीढ़ी पर पड़े।”

गांव में इस निर्णय को लेकर जब ग्राम सभा बुलाई गई तो महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने एकजुट होकर समर्थन दिया। स्थानीय सामाजिक संगठनों, महिला मंगल दल और युवक मंगल दल ने भी इस मुहिम को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। गांव में एक तरह से सामाजिक एकता का मेला देखने को मिला, जहां हर वर्ग ने नशामुक्त नाग जखोली का सपना साकार करने की बात कही।
ग्राम प्रधान की इस पहल से गांव में सकारात्मक माहौल बन रहा है। लोग इसे सिर्फ एक प्रशासनिक फैसला नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति की शुरुआत मान रहे हैं। गांव की माताओं और बहनों ने कहा कि शराब बंद होने से घरों में शांति आएगी और बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा। वहीं युवाओं ने नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
नाग जखोली का यह कदम पूरे रुद्रप्रयाग जिले के लिए एक प्रेरणा बन सकता है। यदि इसी तरह समाज और जनप्रतिनिधि मिलकर आगे बढ़ें, तो नशामुक्त उत्तराखंड का सपना भी साकार हो सकता है। ग्राम प्रधान विजय पंत की यह पहल सच में एक मजबूत और जागरूक समाज की नींव रख रही है।

