नई टिहरी (शीशपाल रावत): टिहरी जिले की राजनीति में एक बार फिर जाखनीधार का नाम चर्चा में है। जाखनीधार की निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी को उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग में सदस्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। धामी सरकार द्वारा विभिन्न दायित्वों का वितरण शुरू होते ही यह नियुक्ति क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। शासन स्तर से इसके विधिवत आदेश भी जारी हो चुके हैं।
सुनीता देवी का राजनीतिक सफर संघर्ष, सेवा और सादगी से भरा रहा है। वर्ष 2019 में वह भाजपा से जाखनीधार ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध चुनी गई थीं। उस समय उनका निर्विरोध चुना जाना ही इस बात का प्रमाण था कि क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों में उनकी छवि मजबूत, मिलनसार और सक्रिय नेतृत्व वाली रही है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विकास कार्यों को गति देने, ग्रामीण समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए।

अब उत्तराखंड एससी आयोग में सदस्य के रूप में उन्हें सामाजिक न्याय और अधिकारों की रक्षा से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। यह पद केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्गों की आवाज को शासन तक पहुंचाने का अवसर भी है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि सुनीता देवी अपने अनुभव और सरल स्वभाव के बल पर इस दायित्व को भी पूरी निष्ठा से निभाएंगी।
दायित्व मिलने पर सुनीता देवी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, महामंत्री संगठन अजेय कुमार और जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित सभी मंत्रीगण, विधायक, पार्टी पदाधिकारियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
गौरतलब है कि उनके पति विजय दास जिले के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिससे सामाजिक और जनसरोकारों से उनका जुड़ाव और भी मजबूत रहा है। सुनीता देवी टिहरी की राजनीति में एक सकारात्मक संदेश लेकर आई है—कि समर्पण और सेवा का रास्ता अंततः नई जिम्मेदारियों तक जरूर पहुंचाता है।

