हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-305 पर हरिपुर और निमला के बीच एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल बताया जा रहा है।
घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसा मंगलवार सुबह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच हुआ।
कार में सवार पांचों युवक शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र के बड़ागांव में आयोजित एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर और निमला के बीच वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



