टिहरी जनता मिलन कार्यक्रम : में 74 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
टिहरी, 24 अगस्त 2026। टिहरी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में सोमवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के सामने रखीं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कुल 74 शिकायतें और मांग पत्र प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन में लोगों ने केवल बड़ी समस्याएं ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की ऐसी परेशानियां भी सामने रखीं, जिनके समाधान के लिए उन्हें लंबे समय से विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। पुनर्वास, सड़क, प्रतिकर, पेंशन, पेयजल, आधार कार्ड, आवास, दिव्यांग प्रमाण पत्र, वन विभाग, नेटवर्क और आर्थिक सहायता जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को अपनी छोटी-सी समस्या के समाधान के लिए बार-बार जिला मुख्यालय न आना पड़े। संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर मामले को समझें और जहां संभव हो, वहीं समाधान सुनिश्चित करें।
आधार कार्ड और दिव्यांग प्रमाण पत्र की समस्या भी पहुंची।।
नरेंद्रनगर तहसील के ग्राम कखील निवासी अशोक कुमार ने ग्रामीणों के आधार कार्ड बनवाने की समस्या रखी। वहीं प्रियंका ने अपने पिता का दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जाखणीधार के पिपोला गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क डामरीकरण और गांव में हो रहे भू-धंसाव की समस्या बताई। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद जिलाधिकारी ने पेयजल और सड़क से जुड़े विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। भू-धंसाव को लेकर उन्होंने बताया कि आईआईटी रुड़की की टीम सर्वे कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
आवास, वन विभाग और सड़क के मामले भी उठे
।धनोल्टी तहसील के मथलाऊ निवासी रंजीता देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता सूची में नाम नहीं होने की समस्या रखी। मामले की जांच के लिए जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए।वहीं सुनील थपलियाल ने जौनपुर रेंज के वन कर्मियों की नियमित उपस्थिति का मामला उठाया। प्रतापनगर के पनियाला निवासी गंगा देवी ने बांज, बुरांश सहित अन्य पौध उपलब्ध कराने की मांग की। नारायण सिंह ने कस्तल-मंदार मोटर मार्ग से जुड़े प्रतिकर का मामला भी जिलाधिकारी के सामने रखा।
लेक अथॉरिटी के नक्शे को लेकर ग्रामीणों की चिंता
जनता मिलन कार्यक्रम में टिहरी लेक डेवलपमेंट अथॉरिटी से जुड़े नक्शा पास कराने के नोटिफिकेशन का मुद्दा भी सामने आया। सुमित्रा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने इसको लेकर अपनी चिंता और आपत्तियां जिलाधिकारी के सामने रखीं।
जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित नियम वर्ष 2013 में बनाया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रावधानों को लेकर आगामी बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि विकास के साथ स्थानीय लोगों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।सड़क से घर को खतरा, परिवार की सुरक्षा के निर्देश
प्रतापनगर के पूजारगांव निवासी वासुदेव सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की सड़क से उनके घर का पुस्ता और आंगन क्षतिग्रस्त हो गया है। मकान को खतरा होने के कारण वह फिलहाल दूसरे के घर में रह रहे हैं।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए और निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।ऋण चुकाने के बाद भी दस्तावेज नहीं मिले
हुकुम सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने यूनियन बैंक से लिया अपना ऋण पूरी तरह चुका दिया है, लेकिन ऋण समाप्ति से जुड़े जरूरी दस्तावेज उन्हें अभी तक नहीं मिले हैं। उनका कहना था कि दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उनका सिविल स्कोर प्रभावित हो रहा है।जिलाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक को मामले की जांच कर 15 दिन के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करने और पेयजल निगम, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश भी दिए।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।शीशपाल रावत, टिहरी गढ़वाल

