देहरादून/नई टिहरी: बीजेपी के आर्थिक प्रकोष्ठ के सह संयोजक सी.ए. राजेश्वर पैन्यूली ने नई टिहरी जिला मुख्यालय में कांग्रेस द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शन को “नौटंकी” करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए नहीं, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक मजबूरी और निराशा का परिणाम है।
पैन्यूली जी ने आरोप लगाया कि प्रतापनगर के स्थानीय विधायक पिछले चार वर्षों तक विकास कार्यों पर चुप्पी साधे रहे और अब चुनाव नजदीक आते ही जनता को गुमराह करने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन आम जनता की समस्याओं से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह पार्टी के अंदर चल रही हताशा और आंतरिक कलह को छिपाने का प्रयास है।

उन्होंने दावा किया कि धामी सरकार प्रतापनगर क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रही है। सरकार द्वारा सेम मुखेम, खेट पर्वत, दिन्याली देवी, कोटेश्वर और ओणेश्वर जैसे धार्मिक स्थलों के लिए सड़कों और बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पैन्यूली ने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे विकास को केवल ठेकेदारी और खड़ंजा मार्ग बनाने तक सीमित मानते हैं, जबकि बीजेपी व्यापक और दीर्घकालिक विकास पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मदन नेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की जा रही है, जो क्षेत्र के बच्चों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि डोबरा-चांठी पुल बीजेपी सरकार की एक महत्वपूर्ण देन है। कांग्रेस शासनकाल में यह परियोजना लंबे समय तक अधूरी रही और राजनीतिक स्वार्थों का साधन बनी रही। वर्तमान सरकार ने इसे पूरा कर जनता को समर्पित किया।
अंत में पैन्यूली ने विश्वास जताया कि बीजेपी के विकास कार्यों का परिणाम आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा और राज्य में तीसरी बार लगातार बीजेपी की सरकार बनेगी।


